फैक्ट चेक: क्या राहुल गांधी ने किसानों को लेकर सच में दिया है ये बयान, जानिए क्या है इस वायरल वीडियो का सच

क्या राहुल गांधी ने किसानों को लेकर सच में दिया है ये बयान, जानिए क्या है इस वायरल वीडियो का सच
  • इस महीने देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं
  • वीडियो में राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए यह बात कही

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इस महीने देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं। मौजूदा समय में सभी राजनीतिक पार्टियां इन प्रदेशों में अपनी सरकार बनाने के लिए जोरों-शोरों से तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस दौरान सभी पार्टियों के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शीर्ष नेता भी जगह-जगह रैलियों और संबोधनों के जरिये वोटर्स को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। इस फेहरिस्त में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, ''अगर किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया तो किसानों की आदतें खराब हो जाएंगी।''

क्यों उठे राहुल गांधी पर सवाल

इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर rdgs_media नाम के हैंडल से पोस्ट किया गया है। इसके कैप्शन में यूजर ने लिखा : “कांग्रेस की सोच, राहुल गांधी ने किसानों को दिया धोखा।”

पड़ताल

भास्करहिंदी की टीम ने वायरल हो रहे इस वीडियो की पड़ताल की। सबसे पहले हमने इंटरनेट पर उस वीडियो को अलग-अलग कीवर्ड्स की मदद से खोजने की कोशिश की, जिसमें उन्‍होंने किसानों के कर्ज को माफ करने की बात की थी। सर्च के दौरान हमें 17 मई 2018 को The Soul of Politics नाम के एक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला, जिसमें राहुल गांधी को किसानों की कर्ज माफी पर बोलते हुए देखा जा सकता था। हमें इस वीडियो का मूल सोर्स कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 17 मई 2018 को इस पेज से लाइव स्ट्रीम किया गया था। यह वीडियो बिलासपुर की किसान आदिवासी रैली से संबंधित था।

इस वीडियो में राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा था, ''उनके नेता कहते हैं कि किसानों का कर्ज माफ नहीं होना चाहिए, क्योंकि अगर किसानों का कर्ज माफ हुआ तो किसानों की आदतें खराब हो जाएंगी।''

इस पूरे भाषण को सुनने के बाद हमें पता चला कि राहुल गांधी का इशारा बीजेपी नेताओं की तरफ था। यह उनके निजी विचार नहीं थे।

निष्कर्ष

जब भास्करहिंदी.कॉम ने इस वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि यह वीडियो 2018 का है, जब उन्होंने छत्तीसगढ़ में भाषण दिया था। पूरा भाषण सुनने पर पता चला कि राहुल गांधी ये बात बीजेपी नेताओं के हवाले से कह रहे थे।

Created On :   6 Nov 2023 2:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story